नवाबगंज। कोचिंग जा रही छात्रा के साथ एक शोहदे ने छेड़खानी कर दी। इससे नाराज छात्रा ने शोहदे को सबक सिखाते हुए चौराहे पर तैनात पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
नगर के एक मोहल्ला की छात्रा नगर के ही इंटर काॅलेज में पढ़ती है। बृहस्पतिवार शाम छात्रा कोचिंग पढ़ने जा रही थी। वह जैसे ही नगर के विजौरिया चौराहे पर पहुंची। उसी बीच पीछे से आए शोहदे ने छात्रा का सरेराह हाथ पकड़ कर छेड़खानी करने लगा। छात्रा ने शोहदे को पकड़कर चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर कोतवाली ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन कोतवाली पहुंचकर समझौते का प्रयास करने लगे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
कोतवाल राज कुमार शर्मा ने बताया कि छात्रा के साथ कहासुनी हो गई है। दोनों के परिजन आपस में वार्ता कर रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद