जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद जिले में आचार संहिता उल्लंघन में कार्रवाई बढ़ गईं हैं। एसडीएम मीरगंज ने दो स्थानों पर आचार संहिता उल्लंघन की एफआईआर दर्ज करा दी है। वहीं दूसरी ओर कई पुराने मामलों में डीएम ने रिटर्निंग आफीसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिले भर में कई स्थानों पर खिचड़ी भोज में विधायक, पूर्व विधायक तथा अन्य नेता शामिल हुए हैं। उनके बारे में जिला निर्वाचन अधिकारी ने थाना प्रभारियों, एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
एसडीएम मीरगंज अर्चना द्विवेदी ने बताया कि सत्याना मढ़ी में मीरगंज में किसान नेता एवं पूर्व विधायक जयदीप सिंह बरार ने आसपास के काफी लोगों को खिचड़ी भोज कराया था। जिसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए उनके खिलाफ थाने में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। एक अन्य एफआईआर बहरपुर गांव में सपा नेता अनुज त्रिवेदी के खिलाफ दर्ज कराई है। इनके ऊपर आरोप है कि वह मुख्यमंत्री के चित्र वाले कलेंडर गांव वालों को बांट रहे हैं। एक कंबल भी मिला है, इन दोनों को सीज कर दिया है। देवरनियां में बहेड़ी के पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद बर्मा के प्रपोत्र प्रियवन गंगवार की वोलेरो गाड़ी को देवरनियां पुलिस ने सीज किया। प्रचार गाड़ी सीज करने पर प्रत्याशी व पुलिस में तीखी बहस तथा नोकझोंक हुई थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर थाना प्रभारी खिचड़ी भोज की वीडियोे रिकार्डिंग तलाश रहे हैं। क्योंकि क ई माध्यमों से पता चला है कि राजनेताओं ने खिचड़ी भोज कराए हैं और उनके स्तर से ऊनी कपड़ों का वितरण किया गया है।