करेंसी संकट के बीच 50 फीसदी से ज्यादा एटीएम पहले से ही ड्राई थे। दो दिन की छुट्टी से एटीएम में कैश की दिक्कत और ज्यादा बढ़ गई है। एसबीआई, बॉब सहित कई प्रमुख बैंकों के एटीएम भी धोखा देने लगे हैं। निकासी न होने से लोग परेशान हैं। ज्यादातर एटीएम की स्क्रीन पर ‘सॉरी नो कैश’ ही दिखाई दे रहा है। बैंक अधिकारी यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि आरबीआई से जरूरत से काफी कम करेंसी आने से नकदी का संकट लगातार बढ़ रहा है।
महीने भर से एटीएम में कैश की कमी लगातार बढ़ रही है। एटीएम में कैश सप्लाई करने वाली आउट सोर्सिंग एजेंसियां तो लापरवाही कर ही रही हैं, जो एटीएम बैंकों की शाखाओं में लगे हैं, वहां भी कैश भरने में लापरवाही बरती जा रही है। बैंक ऑफ बड़ौदा की विकास भवन शाखा के साथ ही मुख्य शाखा के एटीएम में ज्यादातर कैश रहता ही नहीं है, या फिर कम कैश भरने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। इधर, ईसाईयों वाली पुलिया के पास और चौपुला से अयूब खां रोड पर एबीआई का एटीएम बंद पड़ा था। इसके अलावा गांधी उद्यान के सामने केनरा बैंक का एटीएम भी काफी वक्त से बंद पड़ा है। इसके अलावा स्टेशन रोड, सेटेलाइट से यूनिवर्सिटी रोड, मॉडल टाउन रोड सहित शहर के तमाम जगहों पर एसबीआई, पीएनबी, आईसीआईसीआई सहित अन्य निजी और सरकारी बैंकों के एटीएम में कैश न होने से ग्राहकों को भटकना पड़ रहा है। इधर, शनिवार और रविवार की छुट्टी से एटीएम में कैश की प्रॉब्लम ज्यादा बढ़ गई है
बड़े नोटों की दिक्कत भी नहीं हो रही खत्म
कई बैंक अफसरों का कहना है कि बड़े नोटों की दिक्कत भी खत्म नहीं हो रही है। आरबीआई से पांच सौ और दो हजार की गड्डी कम मिल रही है। बड़ा लेनदेन करने वाले ग्राहकों को छोटे नोट मिलने से काफी परेशानी हो रही है। बड़े नोट न मिलने से कई बार लोगों की बैंक कर्मचारियों के साथ भी कहासुनी हो जाती है, हालांकि इस मामले में अधिकृत तौर से बैंक अफसर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।