दुनका। भैंस खरीदने के लिए घर से 45 हजार रुपये संग्रामपुर के मिहीलाल (40) की हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उनका शव पांच अक्तूबर को गूला पुल के पास भाखड़ा नदी में उतराता मिला था। परिजन ने क्रियाक्रम के बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव के ओमपाल ने पुलिस को बताया कि भाई मिहीलाल तीन अक्तूबर को भैंस खरीदने के लिए घर से निकले थे। आरोप है कि गांव के पप्पू और आसेराम ने उनको साथ ले गए। देर रात तक मिहीलाल नहीं लौटे तो परिजन ने दोनों युवकों से जानकारी ली, लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
परिजन ने अपने स्तर से तलाश की लेकिन नहीं मिले। पांच अक्तूबर को नदी में उतराता शव मिला। 10 अक्तूबर को सूचना पर ओमपाल ने मीरगंज थाने जाकर फोटो के जरिये शव की पहचान की। उन्होंने मिहीलाल के अंतिम क्रियाक्रम के बाद हत्या की आशंका जताते हुए शाही थाने में पप्पू और आसेराम के खिलाफ शिकायत की है।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। उनका विसरा सुरक्षित कर लिया गया। तहरीर के आधार पर दो आरोपियों को शाही थाने में नामजद किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।