बरेली। सेटेलाइट बस स्टैंड के पास पीलीभीत डिपो की एक बस में पकड़ गए फर्रुखाबाद से लाए जा रहे ढाई क्विंटल विस्फोटक के मामले में पुलिस लगातार पकड़े गए आतिशबाजों और कुलियों से पूछताछ कर रही है। एटीएस व अन्य खुफिया एजेंसियां भी मामले की छानबीन में जुटी हैं। सोमवार तक पीलीभीत से पकड़े गए आतिशबाज को हिरासत से रिहा करने का कवायद चल रही थी, लेकिन पुलिस ने मंगलवार रात तक उसे नहीं छोड़ा है।
बारादरी क्षेत्र में सेटेलाइट बस स्टैंड के पास पीलीभीत डिपो की एक रोडवेज बस में पुलिस ने ढाई क्विंटल विस्फोटक बरामद किया था। पुलिस ने बस के कंडक्टर मैनपुरी के घिरोर निवासी सुधीर और हाफिजगंज निवासी ड्राइवर मुनीश को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उन्होंने विस्फोटक फर्रुखाबाद से लाने और पीलीभीत के एक आतिशबाज तक पहुंचाने की बात कही थी। पुलिस की दो टीमें पीलीभीत और फर्रुखाबाद भी गई थीं। पीलीभीत से एक स्थानीय और बरेली में रिठौरा के एक आतिशबाज और रोडवेज के कुली को हिरासत में पकड़कर शहर लाया गया था। वहीं फर्रुखाबाद से पकड़े गए कुली और आतिशबाज से वहीं पूछताछ की जा रही है। पुलिस पीलीभीत के आरोपियों को थाने से अलग रखकर लगातार पूछताछ कर रही है। एटीएस और अन्य खुफिया एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी है। पुलिस इसमें कुछ अन्य लोगों के भी संलिप्त होने की बात कह रही है। एएसपी अभिषेक वर्मा पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने फर्रुखाबाद भी जाएंगे।