फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शर्मनाक... गेहूं पिसाने जा रहे बच्चे से भी झटक लिए पैसे

विज्ञापन
वायरल फोटो। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

फतेहगंज पूर्वी में पुलिस की वसूली का वीडियो वायरल, सिपाही और पीआरडी दरोगा पर एफआईआर
विज्ञापन

एसएसपी ने सिपाही को किया सस्पेंड, पीआरडी दरोगा के खिलाफ विभाग को भेजी सूचना

फतेहगंज पूर्वी। थाने से ड्यूटी तो मास्क चेकिंग के लिए लगाई गई थी लेकिन सिपाही और पीआरडी दरोगा ने सड़क पर खड़े होकर उगाही शुरू कर दी। गेहूं पिसाने जा रहे एक बच्चे को भी नहीं छोड़ा और डंडा दिखाकर धमकाने के बाद उसकी जेब खाली करा ली। इस शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होकर एसएसपी तक पहुंचा तो उन्होंने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराकर सिपाही जगदीश को सस्पेंड कर दिया। पीआरडी दरोगा बूटा सिंह के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा गया है।
थाना फतेहगंज पूर्वी के सिपाही जगदीश और पीआरडी दरोगा बूटा सिंह को बृहस्पतिवार दोपहर मास्क चेकिंग की ड्यूटी पर भेजा गया था लेकिन दोनों ने दातागंज मार्ग पर बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास खड़े होकर लोगों से बदसलूकी करते हुए वसूली शुरू कर दी। शाम को दो वीडियो वायरल हुए जिसमें से एक में सिपाही जगदीश गेहूं पिसाने जा रहे एक बच्चे को डंडे से पीटने पर आमादा है। वह बच्चे से गालीगलौज भी कर रहा है और पीआरडी दरोगा उसे रोक रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि डरे-सहमे बच्चे जेब से निकालकर सिपाही को पैसे दिए जिसके बाद उसे जाने दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

दूसरे वीडियो में सिपाही और पीआरडी दरोगा नगरिया कलां निवासी देशराज से वसूली करते दिख रहे हैं। देशरात ट्रॉली में बबूल की लकड़ी लेकर निकले थे जिन्हें रोककर दोनों ने उनसे छह सौ रुपये मांगे। देशराज ने रकम देने से इनकार किया तो दोनों बदसलूकी करने के साथ ट्रॉली थाने भेजने की धमकी देने लगे। मजबूर होकर उन्होंने भी उन्हें छह सौ रुपये दे दिए। दोनों वीडियो जानकारी में आने के बाद एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने थाना प्रभारी विजय कुमार से छानबीन कराई। आरोप सही पाए जाने के बाद ट्रैक्टर चालक देशराज से तहरीर लेकर दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। एसएसपी ने सिपाही जगदीश सिंह को सस्पेंड भी कर दिया और विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। बूटा सिंह के खिलाफ कार्रवाई के लिए पीआरडी विभाग को लिखा है।

वीडियो का संज्ञान लेते हुए दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराकर सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। पीआरडी कर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए उसके विभाग को लिखा गया है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें