शीशगढ़। रुद्रपुर के अस्पताल व सिडकुल से केमिकल वाला कचरा टांडा छंगा क्षेत्र में बहने वाली बरोर नदी में डालकर नदी व वातावरण को दूषित किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने कचरा डालने वाले वाहन के चालक और कचरा डलवाने वाले दो लोगों सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गत दिनों टांडा छंगा निवासी आगाज पुत्र खलीक अहमद ने बहेड़ी तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर गांव के आहिल अब्बास व अकील अहमद पर आरोप लगाया था कि उक्त दोनों लोग रुद्रपुर निवासी अरुण कुमार से रुद्रपुर के अस्पताल व सिडकुल से केमिकल वाला कचरा टांडा छंगा क्षेत्र में बहने वाली बरोर नदी में डलवाते हैं, जिससे नदी का पानी और वातावरण दूषित हो रहा है। कई बार मना करने पर भी नहीं मान रहे हैं।
नदी किनारे उसका खेत है। 11 फरवरी को वह जब अपने खेत पर पहुंचे तो उपरोक्त कचरा नदी में डाल रहे थे। मना करने पर उसको गालियां दे रहे थे। अरुण ने एससी/एसटी का झूठा मुकदमा लिखवाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। तहसील दिवस पर अधिकारी व सीओ बहेड़ी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार, आहिल अब्बास व अकील अहमद के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद