बहेड़ी। ईंट के प्रहार से घायल हुए बुजुर्ग की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव भूड़ा बहादुरपुर निवासी गौरीशंकर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि गांव के ही कपिल ने मंदिर में सीसी कैमरे लगवाए थे। मंदिर से कुर्सियां चोरी होने के बाद बुधवार की सुबह कपिल से सीसी फुटेज दिखाने को कहा तो उसने फुटेज दिखाने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसपर वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत करा दिया। आरोप है कि जब उसका भतीजा दीपक गांव के अड्डे के पास बनी अपनी दुकान खोल रहा था। तभी कपिल, रवि व अनिल अपने हाथों में लाठी-डंडे व ईंटें लेकर वहां पहुंच गए।
इसके बाद तीनों लोग उसके भतीजे को गालियां देने लगे। इस पर जब उनके पिता भूपराम ने गाली देने से मना किया तो उक्त लोगों ने लाठी-डंडों व ईंटों से भतीजे और पिता को पीटना शुरू कर दिया। उक्त लोगों ने उनके पिता पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद उक्त लोग शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। संवाद