बरेली। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर में विकसित मल्टीग्रेन एग बिस्किट और चिकन सींक कबाब तकनीकी का बृहस्पतिवार को हस्तांतरण किया गया। दावा है कि संस्थान की तकनीकी से तैयार उत्पाद, बाजार में बिक रहे तमाम ब्रांडों से ज्यादा प्रोटीन से भरपूर हैं।
बिस्किट की तकनीकी मश एग्रो के प्रबंध निदेशक अर्पित सिंह को और चिकन सींक कबाब की तकनीकी भागलपुर के कारोबारी सुदीप दयाल ने ली। संस्थान निदेशक डॉ. अशोक तिवारी ने बताया कि मल्टीग्रेन बिस्किट मोटे अनाजों से बना है। इसमें 16 फीसदी प्रोटीन है और 90 दिनों तक डिब्बे में रखा जा सकता है।
ये बिस्किट बच्चों, बुजुर्गों के लिए लाभदायक है। वैज्ञानिक डॉ. जयदीप रोकड़े ने बताया कि चिकन सींक कबाब भी प्रोटीन समेत कई पोषक तत्व से भरपूर है। जो शारीरिक विकास के साथ कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
यहां प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संदीप सरन, प्रशासनिक अधिकारी लाल बहादुर गुर्जर ,तकनीकी अधिकारी जयदीप अरोड़ा, वैभवी कटरु आदि लोग मौजूद रहे। ब्यूरो