बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में डोरिया गांव के पास एक खेत में रविवार को संरक्षित पशु का सड़ा-गला शव मिलने के बाद गो तस्करी की अफवाह उड़ा दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की हकीकत अलग मिली, अफवाह उड़ाने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
खेत में पड़े शव के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। कुछ लोगों ने अफवाह उड़ा दी कि तस्करों ने पशु काट दिया है और अवशेष छोड़ गए हैं। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव व थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर पशु चिकित्सक को बुला लिया।
जांच में पता लगा कि यह पूरे पशु का कंकाल है। गर्दन व पैर भी धड़ से जुड़े हैं। किसी वजह से फसल के बीच में पशु की मौत हो गई होगी। शव करीब पांच दिन पुराना था। सीओ ने संगठन के लोगों को मौके पर बुलाकर वह कंकाल दिखवा भी दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि जीडी में तस्करा दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो