बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम कांवड़िये को कार की साइड लग गई। इससे घबराये कार सवार दो युवक भाग गए। इस पर साथी कांवड़ियों ने प्रदर्शन कर रोड जाम कर दिया। एसडीएम और सीओ प्रथम ने किसी तरह उन्हें मनाया। कांवड़िये चले गए तो पुलिस ने खुद ही दो लोगों पर रिपोर्ट लिख ली।
शाम साढ़े चार बजे करीब कार सवार दो युवक गुप्ता तिराहा मोड़ से जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे दो कांवड़ियों को कार की साइड लग गई। इससे वह मामूली घायल हो गए। उन्होंने कार को रोकने की कोशिश की तो कार सवार लोगों ने कार को दौड़ा दिया। फिर खुद को घिरता देख साइड में कार लगाकर पैदल ही भीड़ में घुसकर खिसक गए। पीछे से आ रहे कांवड़ियों के साथियों को घटना की जानकारी हुई तो वह सड़क पर ही बैठ गए। उन्होंने हंगामा कर नारेबाजी करने लगे।
पुलिस ने दोनों ओर से डायवर्ट किया रोड
करीब तीन घंटे तक रोड ब्लॉक रहा। इस दौरान जब जाम लगने लगा और कांवड़ियों पर मनुहार बेअसर रही तो पुलिस ने दोनों साइड पर पहले ही वाहनों को दूसरे रास्ते पर मोड़ना शुरू कर दिया। एसडीएम व सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों से बात की। कहा कि वह लोग तहरीर दें तो रिपोर्ट लिखा देंगे। हालांकि कांवड़ियों ने तहरीर नहीं दी और चले गए। तब पुलिस ने कार नंबर से नाम पतों की जानकारी जुटाकर खुद ही रिपोर्ट लिख ली।