बरेली। निशांत पटेल स्पोर्ट्स हब में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सांसद महोत्सव 2025 के क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दो मुकाबले खेल गए। इसमें कप्तान कुशाग्र की अर्द्धशतकीय पारी से बरेली चैंप्स ने शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम ने एकतरफा मुकाबले में विशाल जीत हासिल की।
मैच का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सक्सेना एडवोकेट, डॉ आदेश गंगवार और राकेश पटेल ने टॉस करवाकर किया। टॉस जीतकर बरेली चैंप्स ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 171 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कप्तान कुशाग्र सागर ने 59 रन की पारी खेली, जबकि विपिन कुमार ने 43 और कृपांशु ने 27 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। आरबीएमआई के लिए पवन कुमार ने चार विकेट लिए।
जवाब में आरबीएमआई की पूरी टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी। पवन कुमार ने 38 और राजीव सैनी ने 30 रन बनाए। बरेली चैंप्स के लिए सुबोध ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जबकि कुशाग्र और विवान ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। बरेली चैंप्स ने यह मैच 39 रनों से जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पहली इनिंग में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ऑलराउंडर कुशाग्र सागर को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और अनुष्का ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी राकेश कुमार पटेल ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
दूसरा मुकाबला स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली और मुकुंद इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेला गया, जो पूरी तरह एकतरफा साबित हुआ। दूसरे इनिंग का टॉस विधायक संजीव अग्रवाल और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. आदेश गंगवार ने कराया। स्पोर्ट्स स्टेडियम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर 221 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सोनू अधिकारी (43), अभिषेक द्विवेदी (35), शिवकुमार राठी (25) और अब्दुल जीशान (32) ने तेजी से रन बनाए। मुकुंद इंटरनेशनल के लिए आराध्य शुक्ला ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुकुंद इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम महज 17 ओवर में 62 रनों पर सिमट गई, जिससे स्पोर्ट्स स्टेडियम ने 159 रनों के रिकॉर्ड अंतर से मैच जीता। मुकुंद इंटरनेशनल के युवक शर्मा (23) के अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए अभिषेक द्विवेदी ने अपनी घातक गेंदबाजी से छह विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।