बरेली। 2000 करोड़ के कैनविज घोटाले के पीड़ितों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में नारेबाजी की। करोड़ों की ठगी करने वाले कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों को गिरफ्तार करने और निवेशकों का पैसा वापस दिलाने की मांग की। डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर चेतावनी दी कि यदि जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वह लोग 15 जून को कलक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और अनशन शुरू करेंगे।
पीड़ितों का कहना है कि धोखाधड़ी करने वाली कंपनी के एमडी कन्हैया गुलाटी के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में 100 से ज्यादा मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आ चुकी है। पीड़ितों ने मांग की कि उपलब्ध कराए गए अभिलेखों की जांच करके आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। सवाल उठाया कि उन लोगों की ओर से कई बार शिकायती पत्र दिए जाने के बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखी गई।
इस पूरे केस की अभी क्या स्थिति है, इसकी जांच कहां तक पहुंची है यह सार्वजनिक किया जाए। जिम्मेदार अधिकारी यह भी बताएं कि इस मामले में आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। इस दौरान केपी सिंह, प्रमोद कुमार, सुनीता देवी, आरती, पंकज त्रिपाठी, अनुज भारती, सूरज पाल, वीरेंद्र, पवन सक्सेना, ज्ञानप्रकाश सक्सेना सहित कई लोग मौजूद रहे।