फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सीमा विवाद में बदायूं हाईवे पर 10 घंटे पलटा रहा कैंटर, दो कारें भिड़ीं

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बदायूं हाईवे पर शुक्रवार सुबह पलटा कैंटर बिशारतगंज व भमोरा थाना पुलिस के बीच सीमा विवाद के चलते 10 घंटे बाद भी नहीं हटाया जा सका। नतीजा ये हुआ कि वनवे हुए मार्ग पर शाम ढले दो कारें आपस में भिड़ गईं। इससे कार सवार मलेरिया विभाग के कर्मचारियों समेत कई लोग घायल हो गए। मौके पर दो घंटा जाम लगा। एसपी दक्षिणी ने बिशारतगंज थाना प्रभारी की लापरवाही पर सीओ आंवला को जांच का निर्देश दिया है।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह छह बजे अखा मोड़ के पास एक कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे रामगंगा पुल की ओर आने-जाने वाले बदायूं हाईवे के वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। वाहनों को वनवे से होकर ही आवागमन करना पड़ा। सूत्र बताते हैं कि पीआरवी ने इस हादसे की सूचना नियमानुसार बिशारतगंज थाना प्रभारी सतीश कुमार को दे दी। बावजूद शाम तक कैंटर वहीं पड़ा रहा।
शाम करीब पांच बजे कैंटर के पास ही भमोरा थाना क्षेत्र की सीमा में दो तेज रफ्तार कार आमने-सामने भिड़ गईं। हादसे में दोनों कारें चकनाचूर हो गईं। क्षतिग्रस्त हुई एक कार में बरेली निवासी मलेरिया विभाग के डॉ. जीशान, डॉ. तनवीर, अनिरुद्ध, शिवकुमार व डॉ. सनी बैठे थे। दूसरी कार में अर्सलान अहमद, पारस व आमिर थे। कुछ को गंभीर तो कुछ को हल्की चोटें आई हैं।
विज्ञापन

सूचना पर भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी अपनी टीम के साथ पहुंचे और वाहनों को हटवाया। सभी घायलों को बरेली भिजवाया गया। इस दौरान बदायूं रोड पर करीब दो घंटे तक जाम के हालात बने रहे। स्थानीय लोगों का कहना था कि हादसा व जाम बिशारतगंज थाना पुलिस की लापरवाही की वजह से हुआ। सुबह ही कैंटर हटा दिया जाता तो ये सब नहीं होता। इस मामले में बिशारतगंज थाना प्रभारी ने सफाई दी कि घटनास्थल उनके क्षेत्र में नहीं था। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें