बुलंदशहर के लिए ट्रेन से रवाना हुए 108 अभ्यर्थी
बरेली। एनडीए की परीक्षा को आए अभ्यर्थी विशेष ट्रेन से बुलंदशहर, मुरादाबाद आदि शहरों के लिए रवाना हुए। इस ट्रेन से 75 अभ्यर्थी आए थे, लेकिन 108 अभ्यर्थी रवाना हुए। सभी अभ्यर्थियों से स्लीपर का 15 रुपये चार्ज वसूला गया। दूसरी ट्रेन लखनऊ के लिए देर रात रवाना हुई, जबकि शनिवार को दोनों ट्रेनों से केवल 97 अभ्यर्थी ही आए थे। बुकिंग विंडो पर टिकट बाबू के आधार कार्ड मांगने पर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। वहां मौजूद आरपीएफ और जीआरपी ने किसी तरह उन्हें शांत किया।
जंक्शन से शाम सात बजे बुलंदशहर के लिए ट्रेन रवाना हुई। अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों को टिकट लेना था। यह टिकट उन्हें एडमिट कार्ड पर मिलने के आदेश थे। बुकिंग विंडो पर जब अभ्यर्थियों से आधार कार्ड मांगा गया तो वह आक्रोषित हो गए। इसको लेकर बाबू से गहमागहमी भी हो गई। वहां मौजूद आरपीएफ और जीआरपी ने अभ्यर्थियों को शांत किया। बाद में उन्हें एडमिट कार्ड पर ही टिकट दिया गया। इसके बाद प्लेटफार्म पर हर अभ्यर्थी से स्लीपर का 15 रुपये अतिरिक्त चार्ज लिया गया। बुलंदशहर जाने वाली ट्रेन से 108 अभ्यर्थी रवाना हुए, जबकि इस ट्रेन से रविवार को 75 अभ्यर्थी आए थे। लखनऊ के लिए दूसरी ट्रेन देर रात रवाना हुई। इससे पहले अभ्यर्थी सत्याग्रह एक्सप्रेस और लखनऊ मेल से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।