बरेली। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी समय से तैयारियां पूरी कर लें और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच कर कमियों को दूर कराएं।
बैठक में 24 अक्तूबर को होने वाले विशेष अभियान दिवस व एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देने को कहा। एसआईआर में बीएलओ के रूप में काम कर चुके कार्मिकों को प्राथमिकता से तैनात करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी मतदान बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा। प्रत्येक बूथ पर कैमरे की स्थिति सही रखने के साथ ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान की निगरानी के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सोशल मीडिया टीम गठित करने को भी कहा। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।