- ठगी के बाद 1930 पर कॉल कर की थी शिकायत, वापस मिलेगी रकम
बरेली। एक युवक को उसके दोस्त जैसी आवाज में कॉल करके एक लाख से ज्यादा रकम ठग ली गई। करीब एक साल बाद अब रुपये वापस लौटने की संभावना बनी तो पता लगा कि रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की गई थी। अब बारादरी थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट लिखी है।
सिविल लाइंस निवासी महिपाल डागर ने बताया कि चार फरवरी 2024 को उनके मोबाइल फोन पर एक नए नंबर से कॉल की गई। उधर से बात कर रहे व्यक्ति ने कहा कि वह उनका दोस्त विनोद बोल रहा है। महिपाल को यह आवाज उनके धौरेरा थाना नवाबगंज निवासी दोस्त विनोद जैसी लगी। उसने कहा कि उसे रुपये की बहुत जरूरत है।
बातों में आकर महिपाल ने तीन बार में 70 हजार रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। 40 हजार रुपये अपनी पत्नी नीशू के खाते से ऑनलाइन भुगतान कर दिया। रुपये भेजने के करीब दो घंटे बाद उनका विनोद से संपर्क हो सका।
तब विनोद ने उनसे पूछा कि तुमसे किसी ने उसके नाम पर रुपये तो नहीं मांगे। ठगी का अहसास होने पर महिपाल ने साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930 पर कॉल कर शिकायत की। इसके बाद रुपये होल्ड हो गए। अब रुपये वापस लेने के लिए महिपाल ने थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अमर उजाला ब्यूरो
-
फोन हैक कर खाते से निकाले 67 हजार रुपये, रिपोर्ट दर्ज
बरेली। साइबर ठगों ने एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर उसके खाते से 67 हजार रुपये निकाल लिए। एसएसपी के निर्देश पर बारादरी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारादरी थाने के चक अब्बास नगर निवासी हसन दानिश ने बताया कि उनकी फर्म हसन ट्रेडर्स नाम से है। एक निजी बैंक में खाता है। उन्होंने अपने मोबाइल पर एक ऑनलाइन पेमेंट एप डाउनलोड किया है। बताया कि 18 दिसंबर को एक बजे किसी हैकर ने उनका मोबाइल हैक कर लिया और उनके खाते से 67 हजार रुपये निकाल लिए। बैंक वालों ने बताया कि उनके खाते से एमबी नजीम नाम के व्यक्ति के खाते में रुपये ट्रांसफर हुए हैं। इस व्यक्ति का खाता महाराष्ट्र की निजी बैंक में है। ब्यूरो