नगर आयुक्त ने डीएम को दस्तावेज नहीं मिलने पर बताई देरी
बरेली। पीएम आवास 2.0 के आवेदकों के सत्यापन में देरी हो रही है। डीएम रविंद्र कुमार ने इसका कारण पूछा। इस पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि आवेदकों के दस्तावेज पूरे नहीं हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि आवेदकों को फोन कराइए। आवेदकों से फोन कर दस्तावेज मंगाने चाहिए।
विकास भवन के सभागार में मंगलवार को डीएम ने पीएम आवास और पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा कर रहे थे। डूडा पीओ मल्लिका नैन ने बताया कि सत्यापन का काम धीमा चल रहा है। इस पर डीएम ने कहा कि कम सत्यापन प्रगति वाले नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी इसमें तेजी लाएं। नगर आयुक्त भी दस्तावेज फोन कर मंगाएं जिससे सत्यापन में तेजी आ सके। कंट्रोल रूम का उपयोग फोन करने के लिए कराएं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा भी बैंक अधिकारियों के साथ की।
गोशालाओं पर मौजूद रहें केयर टेकर
डीएम का कहना है कि होलिका दहन के समय सभी केयर टेकर अपनी गोशाला में ही मौजूद रहें। किसी भी अनहोनी होने से रोकने के लिए पहले से इंतजाम भी रखें। सभी अधिशासी अधिकारी भी निरीक्षण कर गोशालाओं में अप्रिय घटना होने से रोकने के लिए उपाय कराएं। ब्यूरो