एक मार्च से शुरू हो रहीं एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षाओं के लिए केंद्र बनाने की प्रक्रिया शुरू करते हुए पैनल का गठन कर दिया गया है। पैनल से तीन दिन में अपने अपने क्षेत्र के केंद्र के लिए प्रस्तावित कॉलेजों की निरीक्षण रिपोर्ट मांगी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन पंद्रह फरवरी तक केंद्रों की सूची फाइनल करने की तैयारी में है।
विश्वविद्यालय से इस बार 745880 स्नातक और परास्नातक के संस्थागत व व्यक्तिगत छात्र परीक्षा देंगे। पिछले साल संस्थागत छात्रों की संख्या साढ़े चार लाख और व्यक्तिगत छात्रों की संख्या डेढ़ लाख थी। दोनों को मिलाकर इस बार करीब डेढ़ लाख छात्र अधिक परीक्षा देंगे। एक मार्च से शुरू हो रहीं परीक्षाओं की तैयारी में विश्वविद्यालय प्रशासन जुट गया है। परीक्षा केंद्रों के साथ ही उड़न दस्तों के बनाने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि केंद्रों के लिए पैनल बना दिया है। पंद्रह फरवरी तक सूची फाइनल कर दी जाएगी।
बरेली कॉलेज में 27 को सौंपी जिम्मेदारी
बरेली कॉलेज में मुख्य परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए 27 शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव ने डॉ. एके सक्सेना, डॉॅ. सुनीता शर्मा, डॉ. एसके बैजल, डॉ. अजय कुमार शर्मा, डॉ. दीपक आनंद, डॉ. अनुपम आनंद, डॉ. आरके भारद्वाज, डॉ. पीके अग्रवाल, डॉ. पूर्णिमा अनिल, डॉ. अनुराग मोहन, डॉ. उमा व्यास, डॉ. मंजू सिंह, डॉ. राजीव मेहरोत्रा, डॉ. स्वदेश सिंह, डॉ. वीरेन्द्र सिंह, डॉ. वीरपाल सिंह, डॉ. आरिफ नदीम, डॉ. ऋतु अग्रवाल, डॉ. एसपी मौर्य, डॉ.डीआर यादव आदि इसमें शामिल हैं। समिति की बैठक चौदह फरवरी को होगी, जिसमें परीक्षाओं की तैयारी के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी।