बरेली। चौकी चौराहे से अय्यूब खां चौराहे की ओर जाने वाली शहर की व्यस्ततम सड़क के दोनों ओर जबर्दस्त अतिक्रमण है। बटलर प्लाजा के सामने स्थिति ज्यादा खराब है। यहां फुटपाथ पर ठेले वालों ने कब्जा कर रखा है। आधी सड़क को घेरकर व्यापारियों व ग्राहकों के वाहन खड़े रहते हैं। इस वजह से यहां रोज जाम लगता है। इन पर न तो नगर निगम का चाबुक चलता है, न ही यातायात पुलिस कोई कार्रवाई करती है।
बटलर प्लाजा के अंदर भी अतिक्रमण चरम पर है। अंदर बाइकों की कतार लगी रहती है। ट्रैफिक पुलिस की रिकवरी वैन भी इस तरफ आने से घबराती है। बटलर के सामने फुटपाथ पर कई ठेले वालों ने बेंच आदि लगाकर रेस्टोरेंट का रूप दे दिया है। दो माह पहले नगर निगम की टीम यहां अतिक्रमण हटवाने पहुंची थी, लेकिन सूचना लीक होने की वजह से इलाका साफ मिला।
इसके बाद टीम फोटो खींचकर लौट गई। इस घटना के बाद से ही सूचना लीक होने की चर्चा फैली। इसमें थाना व ट्रैफिक पुलिस की मिलीभगत की बातें भी सामने आईं। कई बार अभियान चलाए जाने के बाद भी चौकी चौराहा अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सका।
नहीं रुकतीं बसें, स्टॉप पर ठेले वालों का कब्जा
चौकी चौराहे पर बने बस स्टॉप पर बसें नहीं रुकतीं। इस पर चाट-पकौड़ी के ठेले लगाने वालों ने कब्जा कर रखा है। उनके ग्राहक वहां की कुर्सियों पर बैठकर स्वाद लेते हैं। इनके खिलाफ भी नगर निगम कोई कार्रवाई नहीं करता।
अतिक्रमण हटवाने के लिए पुख्ता अभियान चलाए जाने की योजना बनाई जा रही है। किसी तरह के अतिक्रमण को छूट नहीं दी जा सकती। अभियान में पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
संवाद