उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में शराब के धंधेबाज को नशे की हालत में देर रात सांसद वरुण गांधी को फोन कर मदद मांगना उलटा पड़ गया। सांसद ने उसे जमकर फटकारा। धंधेबाज को असम चौकी की पुलिस पकड़ ले गई थी। उसके पास से शराब के 10 पौवे भी बरामद हुए।
पुलिस से बचाने को उसने देर रात सांसद को फोन किया था। लेकिन वहां सुनवाई न होने पर उसने सांसद से बातचीत का ऑडियो वायरल कर दिया, जिससे राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई।मामले में पुलिस ने धंधेबाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और उसे मुचलके पर थाने से जमानत दे दी।
जमानत होने के बाद धंधेबाज ने अपना वीडियो जारी कर नशे की हालत में सांसद से बात करने के लिए उनसे माफी मांग ली। शहर से सटे नौगवां पकड़िया गांव निवासी सर्वेश गंगवार ने रविवार रात 9.30 बजे सांसद वरुण गांधी के मोबाइल पर फोन किया। उसमें उसने सांसद से पुलिस से छुड़ाने में मदद करने के लिए कहा।
सांसद ने देर रात फोन करने के लिए उसे फटकार लगाई और कहा कि जो भी बात करनी है, वह सुबह करे। जब सर्वेश फोन पर नहीं माना तो सांसद ने गुस्से में आकर उसकी फटकार लगा दी और कहा कि रात में भले ही कोई आपकी बात सुने, मगर वह सुबह ही सुनेंगे।
धंधेबाज ने रात में ही सांसद की बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे राजनीतिक हल्कों में गर्मी में बढ़ने लगी। प्रशासनिक और पुलिस महकमें में हलचल मच गई। बाद में पुलिस ने शराब के धंधेबाज पर रिपोर्ट दर्ज कर ली और उसे मुचलका भरवाकर सुनगढ़ी थाने से ही उसे जमानत भी मिल गई।
सोमवार दोपहर बाद सर्वेश ने दोबारा अपना एक और वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा कि रात में नशे की हालत में होने से वह अपनी बात सांसद से ठीक तरह से कह नहीं सका और उनकी बात को समझ नहीं सका। नशे की हालत में बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। उसका उसे खेद है। सर्वेश ने कहा कि उसकी वजह से सांसद के सम्मान को जो ठेस पहुंची, उसके लिए वह उनसे माफी मांगता है।
शराब की बिक्री की सूचना पर रात आरोपी को पकड़कर लाया गया था। आरोपी से शराब के पौवे बरामद हुए थे। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। बाद में उसे मुचलके पर जमानत दे दी गई।
- अतर सिंह, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी
तस्कर, माफिया और भ्रष्ट लोग मदद की उम्मीद न करें : सांसद
सांसद वरुण गांधी ने कहा कि वह 12 साल से सांसद हैं। उनके ऊपर भ्रष्टाचार समेत किसी भी गलत कार्य का एक भी दाग नहीं लगा है। वह सरकार से सांसद को मिलने वाली तनख्वाह या बाकी सुविधाएं तक नहीं लेते। जनता की सेवा में पूरे मन से हर समय लगे रहते हैं। मगर, शराब या ड्रग तस्कर, चरित्रहीन, खनन माफिया और भ्रष्टचारी उनसे किसी तरह की उम्मीद न करें। अगर किसी को शराब तस्कर या नशेड़ियों पर उनकी सख्ती खराब लगी हो तो वह आत्मचिंतन करें कि उन्हें ईमानदार सख्त नेता पसंद है या फिर मीठा बोलने वाला चोर। सांसद ने कहा कि ईमानदार नेता हमेशा अपनी जनता की सुरक्षा करेगा। चोर नेता की तरह वह पीलीभीत को बेचेगा नहीं।