बरेली के एक धान व्यवसायी से एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर 25 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज में धान का व्यवसाय करने वाले बरेली के धान व्यवसायी के साथ एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर ठगी हुई है। ठगों ने उनसे कुल 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
पीड़ित धान व्यवसायी ने साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि मई 2026 में फेसबुक पर एस्कॉर्ट सर्विस का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के लिंक पर क्लिक करने के बाद उनकी व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। ठगों ने उनसे सेवा शुल्क, पंजीकरण फीस, होटल बुकिंग और चिकित्सा संबंधी सामान के नाम पर कई बार रुपये मांगे।
धमकी देकर ऐंठे रुपये
वादे के मुताबिक सर्विस न मिलने पर जब धान व्यवसायी ने अपने रुपये वापस मांगे तो ठगों ने एस्कार्ट सर्विस लेने की जानकारी उनके परिवार को बताने और सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। इस डर से पीड़ित ने और रुपये दे दिए। उन्होंने अलग-अलग तरीकों से और अलग-अलग खातों में लगभग 25 लाख रुपये हस्तांतरित किए। ये खाते विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर थे।