हादसे की खबर से रामपुर गार्डन में शोक
विनय गुप्ता पेट्रोल पंप संचालक के साथ ही शहर के बड़े कारोबारियों में शुमार थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिचित और रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंचने लगे। अचानक हुई मौत से रामपुर गार्डन में भी शोक का माहौल है।
विनय गुप्ता की मौत की जानकारी मिलने पर बरेली अपने घर आए हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी परिजन से मिलने पहुंचे। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी परिवार को सांत्वना दी। जनप्रतिनिधियों ने परिजन को ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश
पुलिस ने हादसे के बाद अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि आई ट्रिपलसी से भी वाहनों की आवाजाही से संबंधित फुटेज जुटाई जाएगी। कैंट इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन और उसके चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।