बहेड़ी। दस लाख रुपये लेने के बावजूद तीन ठगों ने चावल का ट्रक नहीं भेजा। ठगों ने उल्टे जान से मारने की धमकी दी है। यहां के कारोबारी ने ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी मो. आसिफ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसकी बिहार के किशनगंज इलाके के निवासी संजीव विश्वास पुत्र नामालूम निवासी बासी चुड़ी वार्ड नंबर-3 गांधी चौक किशनगंज बिहार से एक ट्रक चावल का सौदा किया। बिहार से चावल लेने के लिए उसने अपनी फर्म के साझेदार अखलाक अहमद को चावल लेने को भेजा। उसके साझेदार ने वहा ट्रक लोड करा लिया। इसके बाद उसने न्यू इंडिया राइस इंडस्ट्रीज बहेड़ी के नैनीताल बैंक के खाते से संजीव विश्वास के खाते में 10 लाख रुपये आरटीजीएस कर दिए।
उसके साझेदार ने बताया कि जिस गोदाम से ट्रक में चावल लोड हुआ था। उस गोदाम के मालिक प्रहलाद ने पेमेंट न मिलने की बात कहकर चावल का ट्रक रोक लिया, जबकि उक्त 10 लाख की रकम संजीव विश्वास के खाते में पहुंच गई थी। उसने चेक से इस राशि को निकाल भी लिया। उसने संजीव से चावल का ट्रक भेजने को कहा तो उसने चावल भेजने और 10 लाख रुपये वापस करने से साफ इन्कार कर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। संजीव गोदाम मालिक प्रहलाद और उसका एक साथी अतुल ने साजिशन उसके पैसे हड़प लिए और चावल भी नहीं भेजे।