फल, फूल, किराना, मेवा की दुकानों पर कतार
महानवमी पर पूजन और फिर प्रसाद वितरण के लिए लोगों ने खरीदारी की। मेवा, फलों और फूलों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। कोहाड़ापीर, बिहारीपुर रोड स्थित फूलों की दुकानों पर गेंदा 60 रुपये तो गुलाब 100 से 140 रुपये प्रति किलो बिका। कन्या जिमाने के लिए किराना दुकानों पर भी खरीदारी के लिए भीड़ रही। फल मंडी में भी केला, सेब खूब बिका।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार पर दिखा सर्दी का असर
बदलते मौसम का असर भी बाजार पर दिखाई देने लगा है। इलेक्ट्रॉनिक सामानों में हीटर, गीजर का बाजार गर्म होने लगा है। कारोबारियों के मुताबिक पुराने स्टॉक की बिक्री के लिए कंपनियों की ओर से 20 से 30 फीसदी तक छूट भी मुहैया कराई जा रही है। इसमें फ्रिज, एलईडी टीवी, स्मार्टफोन, स्पीकर, कूलर, पंखे आदि शामिल हैं।
सोने की रुद्राक्ष माला, पेडेंट की भी मांग
सराफा बाजार में सहालग सीजन के चलते हल्की और भारी ज्वेलरी की मांग है। धार्मिक प्रतीकों वाले गहनों की मांग भी इस बार ज्यादा रही। इसमें सोने की बनी रुद्राक्ष माला, देवी-देवताओं के प्रतीक वाले पेंडेंट और ब्रेसलेट भी खूब बिक रहे हैं। रत्नजड़ित अंगूठी, चेन, ईयररिंग, हार आदि की बिक्री रही। रविवार को शहर के ब्रांडेड ज्वेलरी विक्रेताओं समेत सराफा बाजार में भी रौनक रही।