सिरौली (बरेली)। परिवहन निगम के पीतलनगरी डिपो ने मुरादाबाद से सिरौली, मनौना धाम होकर दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू की है। इससे क्षेत्र के 100 से अधिक गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। लंबे समय से इस रूट पर बस चलाने की मांग की जा रही थी।
जिले का सीमावर्ती कस्बा होने के चलते सिरौली के लोगों के पर्याप्त परिवहन सेवाएं नहीं हैं। दिन में तो निजी वाहन चलते हैं, यहां से रात में बरेली या मुरादाबाद जाने के लिए वाहन ही नहीं मिलते। इस रूट से जो रोडवेज बसें चलती थीं, वह कोरोना काल में बंद हो गईं। कई बार मांग के बाद भी इनका संचालन शुरू नहीं किया गया। इस वजह से लोग परेशान थे। कई बार परिवहन मंत्री के सामने भी यह मुद्दा उठाया गया। परिवहन विभाग व रोडवेज के अधिकारियों को भी प्रार्थनापत्र दिए गए। अब पीतलनगरी डिपो ने मुरादाबाद से सिरौली व मनौना धाम होकर दिल्ली तक बस चलाई है।
यह बस प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे मुरादाबाद से चलने के बाद बिलारी, शाहबाद, सिरौली, रामनगर, आंवला होते हुए शाम सात बजे मनौना धाम पहुंचेगी। यहां से आंवला, सिरौली होते हुए दिल्ली के लिए जाएगी। दिल्ली से तड़के तीन बजे चलने के बाद सुबह आठ बजे मनौना धाम और यहां से आंवला, सिरौली होते हुए मुरादाबाद जाएगी।
युवजन सोशल सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष आलम खान, सराफा व्यापारी राजू गुप्ता, साधन सहकारी समिति के चेयरमैन पुनीत गुप्ता आदि ने बस संचालन के लिए अधिकारियों का आभार जताया है।