भोजीपुरा (बरेली)। दिल्ली चलने वाली निजी बस के कंडक्टर की ओर से मुरादाबाद में मारपीट का मुकदमा लिखाने से गुस्साए बदमाशों ने भोजीपुरा में आकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। बस में लोहे की राॅड से जमकर तोड़फोड़ भी की। घायल कंडक्टर ने भोजीपुरा थाने में तहरीर दी है।
लखीमपुर खीरी से झज्जर, हरियाणा के लिए अशोक ट्रांसपोर्ट की बस चलती है। इसी बस पर सीतापुर के गांव थाना पिसावा के गांव दुवामा निवासी छोटू पुत्र रामविलास कंडक्टर हैं। छोटू ने बताया कि वह लखीमपुर खीरी से हरियाणा जाने वाले यात्रियों को लेकर जा रहे थे। जैसे ही बस बिलवा ओवरब्रिज पर आई। वैसे ही दो कारों को बस के आगे लगाकर बदमाशों ने बस रोक ली। इसके बाद कंडक्टर छोटू को पीटने लगे। कंडक्टर किसी तरह से जान बचाकर भागा तो बदमाशों ने लोहे की राॅडो से बस में तोड़फोड़ की।
रंगदारी न देने की चेतावनी देकर भाग गए। घायल कंडक्टर छोटू भोजीपुरा पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंची और स्थलीय जांच की। घायल कंडक्टर छोटू को सीएचसी भोजीपुरा पर उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने लाला चौधरी पुत्र जहीर निवासी अठसैनी थाना गढ़ मुक्तेश्वर जिला हापुड़, ऐजाज निवासी मोहल्ला नीम वाला कस्बा सियाना जिला बुलंदशहर, वसीम सूटर निवासी रोडरपुर थाना सिंभावली जिला हापुड़ के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि इन बदमाशों पर मुरादाबाद में भी रिपोर्ट दर्ज है। संवाद