छह साल पहले हुई थी नूरी की शादी, पति बोला- खुद आग लगाकर भागी
बिथरी चैनपुर। गांव पदारथपुर में मस्जिद के पास एक महिला का रविवार सुबह जला हुआ शव पड़ा मिला। काफी देर में बाद पहचान होने पर पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया है। उसने महिला के आग लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है, जबकि मायके वाले पति पर जलाकर मार डालने का आरोप लगा रहे हैं।
आरिफ उर्फ बबलू की शादी छह साल पहले सूफी टोला निवासी नूरी से हुई थी। रविवार सुबह नूरी क़ी जली हुई लाश घर से सौ मीटर दूर मस्जिद के पास चौराहे पर पड़ी मिली। उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो महिला क़ी शिनाख्त नूरी के रूप में हुई। पुलिस ने शक के आधार पर उसके पति बबलू को हिरासत में ले लिया। पहले तो बबलू ने शव पहचानने से इंकार कर दिया, लेकिन जब पुलिस ने उससे नूरी को बुलाकर लाने को कहा गया तो वह रोने लगा।
नूरी के चाचा अजीज मियां और सैलानी में रहने वाले रिश्तेदार कामिल खान आदि खबर मिलने पर रविवार दोपहर बिथरी थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि नूरी के माता-पिता जयपुर में जरी का काम करते हैं। बबलू और उसके घरवाले दहेज और बच्चा न होने के कारण नूरी को परेशान करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बबलू ने ही रात में नूरी को केरोसिन डालकर जला दिया और शव बाहर सड़क पर फेंक दिया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को रिश्तेदारों ने शव दफना दिया।
बबलू बोला- पत्नी आग लगाकर बाहर भागी तो वह घबरा गया
बबलू ने बताया कि नूरी बच्चा न होने से सदमे में रहती थी। सुबह चार बजे उससे झगड़ा करने लगी। फिर केरोसिन ऊपर डालकर आग लगा ली और चीखती हुई बाहर भागी। वह कुछ दूर उसके पीछे गया ताकि उसे बचा सके पर बचने की संभावना न देखकर डर गया और घर में आकर छिप गया।
इंस्पेक्टर ने कहा- यहां आ गए कोरोना फैलाने
पोस्टमार्टम हाउस पर नूरी के रिश्तेदार कामिल खान ने बताया कि जब वह कई लोगों के साथ बिथरी थाने पहुंचे तो इंस्पेक्टर उन्हें देखकर भड़क गए। कहा- क्या थाने में कोरोना फैलाओगे। इंस्पेक्टर ने उनसे ढंग से बात नहीं की और न ही रिपोर्ट लिखने को तैयार हुए। कामिल ने बताया कि फोन पर उन्होंने बिथरी इंस्पेक्टर की शिकायत एसएसपी से की है। उन्होंने जांच कराने की बात कही है।