बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में हुए राज्य विश्वविद्यालयीय युवा महोत्सव में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी ओवरऑल चैंपियन बना। आशु भाषण, रंगोली, पोस्टर, कार्टूनिंग, ऑन द स्पॉट पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा पुरस्कार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को मिले।
इसमें ऑन द स्पॉट प्रतियोगिता का विषय जलवायु परिवर्तन था। कार्टूनिंग प्रतियोगिता का विषय राजनीति में युवा भागीदारी था। ललित कला वर्ग की प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. महेंद्र सक्सेना, डॉ. अनुराधा, डॉ. आनंद लखटकिया, डॉ. पंकज, डॉ. कामरान, डॉ. विजन दास रहे। साहित्यिक वर्ग में वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय युवा देश की प्रगति में सहायक हैं निर्धारित किया गया था। इसी वर्ग में आशुभाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने लैंगिंग समानता, बजट से उम्मीदें, विकास एवं मानसिकता, प्रधानमंत्री की विदेश यात्राएं, आतंकवाद मुक्त भारत पर विचार व्यक्त किए गये। इस वर्ग में निर्णायक मंडल में डॉ. सीएम बादल, डॉ. महेश शर्मा, डॉ. राजेश गौड़, जस्टिस यतीश, डॉ. योगेश मिश्रा और केबी जौहरी शामिल रहे।
पोस्टर प्रतियोगिता में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की शालू रानी विजेता रहीं, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रंजन कुमार प्रसाद दूसरे और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शैलेंद्र व्यास तीसरे स्थान पर रहे। कार्टूनिंग में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वेंकट रमन भटनागर पहले, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शुभम गुप्ता दूसरे और दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के नवाज अहमद तीसरे स्थान पर रहे। ऑन द स्पॉट पेंटिंग में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रीतम कुमार पहले, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अजय कुमार दूसरे, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सैफुद्दीन अंसारी तीसरे स्थान पर रहे। रंगोली में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पुष्पेंद्र कुमार पहले, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की मधुर लता विश्वविद्यालय दूसरे और आईएफटीएम मुरादाबाद की रूपाली सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मोहम्मद उमैर खान, अनस अब्दुल्लाह, इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी की अमीषा जमानी, आयुषी अग्निहोत्री दूसरे और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की वृंदा शर्मा, निमिषा कौशिक तीसरे स्थान पर रहीं। एलोक्यूशन में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के अजीत गुप्ता पहले, आईवीआरआई की जया दूसरे और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के आदित्य श्रीवास्तव तीसरे स्थान पर रहे।
युवा महोत्सव का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. मुशाहिद हुसैन ने की और विजेताओं को पुरस्कृत किया। सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. संतोष अरोरा ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजकमल ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. नलिनी श्रीवास्तव, डॉ. रश्मि अग्रवाल, डॉ. सुबोध धवन, डॉ. अजय यादव, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. प्रतिभा सागर, डॉ. सौरभ, डॉ. फैज, डॉ. आलोक सक्सेना का विशेष सहयोग रहा।
वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णय पर हुई आपत्ति
दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णय पर आपत्ति की है। विद्यार्थियों का कहना है कि प्रतियोगिता में, जिन्होंने पेपर रीडिंग की, उन्हें पुरस्कार दिया गया है। अभिनव, सर्वेश पांडेय, आदित्य त्रिपाठी, सुरेंद्र प्रजापति, नवाज अहमद, अजय कुमार, मधुर लता ने विरोध जताया। पुरस्कार समारोह के दौरान ही खड़े होकर उन्होंने आपत्ति की।