शाही-शेरगढ़ रोड पर सोमवार सुबह दिल्ली से सवारियां भरकर आ रही डग्गामार पिकअप और बैलगाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बैलगाड़ी चालक मकसूद की मौत हो गई। पांच अन्य लोग घायल हो गए।
कस्बा के मुख्य बस स्टैंड तिराहे के पास 5:00 बजे पिकअप दिल्ली से सवारियां भरकर धौराटांडा की ओर जा रही थी। इस दौरान बैलगाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकसूद बैलगाड़ी से छिटककर सड़क पर गिर गए। बैलगाड़ी पर बैठे मजदूर महीर बख्श भी गिरकर घायल हो गए। आरोपी चालक मौके से भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने मकसूद और महीर बख्श को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मकसूद को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप में बैठे घायलों को अस्पातल पहुंचाया। इनमें बाबू सागर उपचार के बाद घर चले गए। परिजनों के मुताबिक, मकसूद परिवार में इकलौते कमाने वाले व्यक्ति थे। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मकसूद के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
बेलगाम दौड़ रहे डग्गामार वाहनशाही क्षेत्र से दिल्ली तक कई डग्गामार वाहन खुलेआम दौड़ाए जा हैं। ये वाहन यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बेलगाम रफ्तार से फर्राटा भरते हैं। जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण इनपर कार्रवाई नहीं होती। चेकिंग की सूचना अक्सर पहले ही लीक हो जाती है, जिससे चालक कार्रवाई से बच निकलते हैं। इससे सरकार को राजस्व का चूना तो लगता ही है, लोगों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ है।