नवाबगंज। सरकारी भूमि पर कराए जा रहे नाले के निर्माण को दबंगों ने एकराय होकर गिरा दिया। ग्राम प्रधान के विरोध करने पर दबंग डंडे लेकर आ गए और गाली देते हुए झगड़े पर आमादा हो गए। इससे परेशान ग्राम प्रधान ने तहसीलदार को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। तहसीलदार ने हल्का लेखपाल को जांच के आदेश दिए हैं।
नवाबगंज के मसीतवलीनगर गांव की जमुनादेवी ग्राम प्रधान हैं। वह गांव के गंदा पानी के निकास को लेकर सरकारी भूमि पर नाले का निर्माण करा रही हैं। नाला लगभग दो फुट तक निर्माण कराया जा चुका है। गांव के एक व्यक्ति ने खलिहान की भूमि पर कब्जा कर रखा है। आरोप है कि प्रधान मंगलवार को नाला का निर्माण करा रही थीं। इसी बीच उक्त व्यक्ति दो लोगों को लेकर डंडे सहित आ गया। विरोध करते हुए गाली-गलौज व मारपीट के लिए आमादा हो गया। उसके बाद दबंगों ने नाला के निर्माण को गिरा दिया। इससे परेशान ग्राम प्रधान ने तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह को शिकायती पत्र सौंपा है। मामले में तहसीलदार ने संज्ञान लेकर जांच के आदेश दिए है। संवाद