बरेली विकास प्राधिकरण की टीम ने करेली में की कार्रवाई
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के प्रवर्तन दल ने मंगलवार को सुभाषनगर के करेली में दो अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर से ध्वस्त किया। ये दोनों ही कॉलोनियां प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत कराए बिना बसाई जा रही थीं।
बीडीए के सहायक अभियंता गजेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि करेली में बब्लू पटेल की ओर से 10 बीघा क्षेत्रफल और अजय यादव की ओर से 20 बीघा जमीन पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां भूखंडों का चिह्नांकन करने के साथ सड़कों व नालियों का भी निर्माण किया गया था।
दोनों ही जगह नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसको लेकर प्राधिकरण ने बुलडोजर से यहां बनाई गई सड़कों के साथ ही नालियों और चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता सुरेंद्र द्विवेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद