मुठभेड़ के डर से शहर छोड़कर भाग गए उपद्रवी
शहर में शनिवार को हुए बवाल ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मामला शासन तक पहुंचा तो पुलिस ने फजीहत से बचने के लिए एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से बचने के लिए उपद्रवी अब शहर से बाहर भाग गए हैं। वे कोर्ट में सरेंडर करने की योजना बना रहे हैं।
शनिवार को राजीव राणा और आदित्य उपाध्याय गुट ने जमकर फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इसके वीडियो वायरल हुए तो बरेली पुलिस की काफी किरकिरी हुई। शासन की ओर से आरोपियों पर गैंगस्टर और रासुका के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए दरोगा की तरफ से दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
ये भी पढ़ें- बरेली बवाल: दोनों गुटों का जुड़ा भाजपा से नाम... एक के पीछे मंत्री के पति तो दूसरे पर पूर्व विधायक का हाथ
शनिवार रात पुलिस ने राजीव राणा पक्ष के ललित सक्सेना को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। इसके बाद से अन्य हमलावरों को भी मुठभेड़ का डर सता रहा है। बवाल करने वालों में कई पेशेवर अपराधी बताए जा रहे हैं।
फरार बदमाशों को पकड़ने लिए पांच पुलिस टीमें लगाई गई हैं। इनमें इज्जतनगर चौकी, बैरियर टू पुलिस चौकी, सर्विलांस, एसओजी व इंस्पेक्टर क्राइम इज्जतनगर की टीमें शामिल हैं। सभी को अलग-अलग लक्ष्य दिए गए हैं।