पीलीभीत में प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने भारी पुलिस बल के साथ शहर की एक अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलवाकर वहां हो रहे निर्माण कार्य को ध्वस्त करा दिया। इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में खलबली मची रही। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
बीते कई दिनों से प्रशासन अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करने की तैयारी में जुटा हुआ था। मंगलवार को डीएम से निर्देश मिलने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर तहसील प्रशासन और भारी पुलिस के साथ देशनगर माठिया के पास पहुंच गए। यहां पर एक बरातघर के पीछे अवैध कॉलोनी को बनाया जा रहा था। अफसरों ने बुलडोजर से पक्के निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने अपनी मौजूदगी में ही वहां लगे बिजली के खंभे, बाउंड्री बॉल और नाली को ध्वस्त करा दिया। इस कार्रवाई से शहर के कॉलोनाइजरों में खलबली मची रही। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि अवैध कॉलोनी को लेकर कॉलोनाइजर को कई बार नोटिस जारी किया जा चुका था। विनियमित क्षेत्र से इसका नक्शा भी पास नहीं है।