मीरगंज। बहन की शादी की तैयारियों को लेकर बरेली से खरीदारी कर पति के साथ घर लौट रही महिला बाइक से गिरकर गंभीर घायल हो गई। यह हादसा रास्ते में सांड़ आने की वजह से हुआ। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
शाही थाना क्षेत्र के गांव दुनका की नाजहां पत्नी छोटन 12 नवंबर को बाइक से पति के साथ बरेली खरीदारी करने गई थीं। उसकी छोटी बहन सगुप्ता की 17 नवंबर को न्यूरिया पीलीभीत से बरात आनी है। जब वह शाही थाना क्षेत्र के गांव परतापुर के पास बाइक से पहुंची तो धनेटा-शीशगढ़ रोड पर बाइक के सामने सांड़ आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में बाइक फिसल गई। नाजहां रोड पर गिरकर गंभीर घायल हो गई।
परिवार के लोग महिला को घायल हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो डाक्टरों ने उन्हें 13 नवंबर को दिल्ली रेफर कर दिया। नाजहां को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बृहस्पतिवार को दोपहर बाद उनकी मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना जैसे ही उसके घर दुनका पहुंची तो घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। संवाद