बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को अंतर-महाविद्यालयीय महिला एवं पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें विवि से संबद्ध सात महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में प्रतिभाग किया। बदायूं के एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज ने ओवरऑल चैंपियनशिप जीती। विवि परिसर की टीम दूसरे स्थान पर रही।
पुरुष वर्ग के 55 किग्रा भार वर्ग में एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज के अतुल यादव ने और 60 किग्रा में पुष्पेंद्र ने स्वर्ण पदक जीता। 65 किग्रा वर्ग में बीसीबी के अरुण शर्मा ने स्वर्ण पदक और एसजेपी के अय्याद ने रजत पदक जीता। 75 किग्रा वर्ग में आरएम बदायूं के हरि चरण ने स्वर्ण, एसजेपी के प्रफुल्ल ने रजत और एनएमएसएन के अहरम ने कांस्य पदक जीता। 80 किग्रा वर्ग में बदायूं कॉलेज के अंकित शाक्य विजेता रहे।
महिला वर्ग के 51 किग्रा वर्ग में वीआर कॉलेज की नैना, 54 किग्रा वर्ग में डीएएस कॉलेज की संजली और 80 किग्रा से अधिक भार वर्ग में राजकीय महाविद्यालय की राखी ने स्वर्ण पदक जीता। विवि परिसर की समन नाजी ने रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि विवि के खेल सचिव प्रो. एसएस बेदी रहे। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी अखिल भारतीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। समापन पर पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन सचिव प्राचार्य डॉ. प्रशांत कोहली और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी डॉ. प्रिंस विशाल दीक्षित ने संभाली।