फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं का अधूरा पुल: 10 किमी जाने के लिए लगा रहे 60 किमी की दौड़, जान खतरे में डाल नदी पार करते हैं लोग

Wed, 25 Nov 2026 01:45 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बरेली और बदायूं जिले की सीमा पर रामगंगा नदी पर बने मुढ़ा पुल आज भी अधूरा है। इससे करीब 100 गांव के लोगों को परेशानी उठनी पड़ रही है। दो साल पहले इस अधूरे पुल से नदी में कार गिरने से तीन लोगों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद पुल का सर्वे हुआ, लेकिन निर्माण नहीं हो सका। 
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के दातागंज तहसील क्षेत्र के मुढ़ा गांव के निकट रामगंगा पर बना अधूरा पुल सौ गांव के ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। पुल का निर्माण पूरा न होने से 10 किलोमीटर जाने के लिए ग्रामीणों 60 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। रामगंगा पार खेतों पर जाने के लिए ग्रामीणों को खतरे में जान डालकर कभी ट्यूब तो कभी नाव से नदी पार करनी पड़ रही है। इसके अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है। पिछले पांच साल में इस इलाके में 12 लोगों की नदी में डूबकर जान भी जा चुकी है। दो साल पहले 24 नवंबर 2024 को इस अधूरे पुल से कार नदी में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। यह घटना देशभर में सुर्खियों में रही थी।  

विज्ञापन




दातागंज क्षेत्र को बरेली जनपद के फरीदपुर कस्बे से जोड़ने के लिए शासन ने इस पुल का निर्माण कराया था। कुछ समय तक इस पुल पर आवागमन हुआ, लेकिन वर्ष 2023 में आई बाढ़ से फरीदपुर की तरफ का एप्रोच मार्ग कटकर वहां पर सात आठ मीटर गहरा गड्डा बन गया। दातागंज क्षेत्र के गांव मुढ़ा से बरेली के फरीदपुर कस्बे की दूरी मात्र 10 किलोमीटर है। इससे नदी के उस पार जाने के लिए किसानों को नाव या ट्यूब का सहारा लेना पड़ता है। 
विज्ञापन


दो साल पहले हुआ था दर्दनाक हादसा 
दो साल पहले गुरुग्राम से कार सवार तीन युवक गूगल मैप के जरिए फरीदपुर जा रहे थे। मैप में यह पुल आवागमन के लिए चालू दिखाया गया था। मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए उनकी कार अधूरे पुल से नदी में गिर गई। इससे तीनों युवकों की मौत हो गई थी। इस हादसे की गूंज शासन तक पहुंची तो आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की टीम आई लेकिन टीम ने पुल की लंबाई बढ़ाने के बाद एप्रोच मार्ग बनाने का प्रस्ताव दिया था, उसके बाद से लगातार कागजी घोड़े दौड़ रहे हैं, लेकिन पुल की हालत जस की तस बनी हई है।

Trending Videos

10 किमी दूर फरीदपुर जाने के लिए 60 किमी का चक्कर 
मुढ़ा गांव के प्रशासक एजेंड कार सिंह यादव ने बताया कि पुल से फरीदपुर की दूरी 10 किलोमीटर है। पुल अधूरा है, इस वजह से बेलाडांडी या बरेली होकर 60 किलोमीटर की दूरी तय कर फरीदपुर आना पड़ता है। यहां रामगंगा पर स्थानीय स्तर पर पहले नाव चलती थी, लेकिन अब मोटर बोट से आवागमन होता है। बरसात में यह साधन भी बंद हो जाते है लेकिन वाहनों के लिए बेलाडांडी और बरेली वाला मार्ग ही अपनाना पड़ता है। गांव मुढ़ा की लगभग 4000 बीघा जमीन रामगंगा के पार है, इस जमीन पर खेती करने के लिए नाव अथवा ट्यूब के सहारे नदी पार करनी पड़ती है।

पुल बनने से इन गांवों को मिलेगा
दातागंज क्षेत्र के केमुढ़ा, सबलपुर, नवदिया, धिमरपुरा, करीमगंज, भूड़ा, संजनिया, परेवा, सादुल्लागंज, डहरपुर, पैरहा, धीरावरी, बौथरिया और चुटमुरी आदि 60 ग्राम ऐसे हैं, जिन्हें पुल बनने के बाद सीधा लाभ मिल सकता है, इसी तरह बरेली जनपद के खल्लपुर, हृदयपुर, मनपुरा, गौसगंज, मोहनपुर, ढुढरुआ, गुर्जर गोटिया, अहीर गोटिया, धीरपुर, नवदिया और मढै़या आदि 50 गांव को पुल का सीधा लाभ मिलेगा।

ग्राम प्रशासक ने बताया कि रामगंगा पर पुल न होने की वजह से पांच वर्षों में करीब 12 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। खललपुर गांव की तीन लड़कियां एकसाथ डूब गई थीं। समरेर गांव के राकेश के भाई, धिमरपुरा के रघुवीर का पुत्र, मुढ़ा गांव के सिपट्टर और इसी गांव के महिपाल की पत्नी और 10 वर्षीय पुत्र आदि की डूबने से मौत हो चुकी है। पुल बनने से बड़ी राहत मिलेगी लेकिन कब बनेगा, इस पर असमंजस है।
विज्ञापन

ग्रामीण सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रामगंगा पार नाव के जरिए ही आना-जाना रहता है। पुल न बनने से बहुत दिक्कत है। बाइक लेकर जाने से नाव वाले कभी 40 तो कभी 50 रुपये लेते हैं। अशोक यादव ने बताया कि पुल न बनने से घूमकर बरेली के लालफाटक की ओर से होकर फरीदपुर जाना पड़ता है। कई बार धनराशि स्वीकृत होने की सूचनाएं पढ़ीं लेकिन पुल नहीं बना है।

ग्रामीण मुकेश कुमार ने बताया कि यह पुल हादसा होने से पहले से बंद है। पहले एप्रोच रोड हल्की बनी थी। उसके बाद वह रामगंगा में बह गई। पुल न बनने से करीब 15 किलोमीटर की दूरी 60 किलोमीटर तक पहुंच गई। नाव या ट्यूब में बैठकर जाना पड़ता है। 

लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन नरेश कुमार ने बताया कि मुढ़ा पुल बनाने के लिए शासन को फाइल भेजी गई है। वहां से स्वीकृति का इंतजार हो रहा है। करीब 150 मीटर पुल की लंबाई बढ़ाई जाएगी। साथ ही गाइड बंद बनेंगे, ताकि रामगंगा का बहाव का असर पुल पर न हो। साथ ही एप्रोच रोड भी बनेगी। इस पर करीब 140 करोड़ रुपये खर्च आएगा। स्वीकृति मिलने के बाद में जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें