जिले में दिनों दिन बीएसएनएल की सेवाएं बदतर होती जा रही हैं। फाल्ट सही कराना तो दूर अफसर फोन तक नहीं उठा रहे हैं। उधर, प्रेम नगर एक्सचेंज पिछले दिनों ठप हो गया, इससे केंद्रीय मंत्री समेत कई प्रमुख लोग प्रभावित हैं। मोबाइल फोन पर बात करना मुश्किल हो गया है, कॉल ड्राप आदि से बार बार पैसे कट रहे हैं।
बीएसएनएल मोबाइल फोन अगर एक बार में मिल जाता है तो लोग इस पर आश्चर्य ही जताते हैं। टुक टुक और लाइन व्यस्त होने की टोन सुनना लोगों की आदत बन गया है। ज्यादातर सरकारी मोबाइल फोन नंबर बीएसएनएल नेटवर्क पर हैं, इसलिए सबसे ज्यादा लोग परेशान हैं। हालांकि बीएसएनएल मोबाइल पर अन्य नेटवर्क से बात आसानी हो जाती है।
प्रेमनगर एक्सचेंज में रुचि नहीं ले रहे अधिकारी
प्रेमनगर एक्सचेंज पिछले कई दिनों से अस्तव्यस्त है। फिर भी विभागीय अफसर इसे चालू करने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। जिला से सीजीएम कार्यालय तक कोई अफसर समस्या हल करने को तैयार नहीं है। बताया जाता है कि ज्यादातर अफसरों ने संचार मंत्री मनोज सिन्हा से तार जोड़ लिए हैं। यही वजह है कि प्रेम नगर एक्सचेंज चालू नहीं हो पाया है। इस एक्सचेंज से ही केंद्रीय वित्त मंत्री संतोष गंगवार भी जुड़े हैं। शुक्रवार शाम किसी तरह उनके तीन फोन नंबर सही करा दिए गए, जबकि अन्य तमाम बेसिक फोन ग्राहक प्रभावित हैं।
प्रेमनगर एक्सचेंज तकनीकी गड़बड़ी आ गई थी, जिसे दूर कराया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री के कार्यालय से भी शिकायत आई थी, उनके नंबर शुरू करा दिए गए हैं।
- चरण सिंह, जीएम बीएसएनएल