पहले भरोसे में लेकर की खरीदारी, फिर गोली मारी
आरोपी विकास पटेल ने पुलिस को बताया कि पिछले साल फरवरी में उसने अमन की चचेरी बहन से प्रेम विवाह किया था। शुरू में परिवार के लोग नाराज थे लेकिन बाद में दोनों परिवारों में आनाजाना शुरू हो गया। बताया कि पत्नी के प्रसव के दौरान रिश्तेदार युवती से संबंध हो गए थे। उसने योजना बनाकर सोमवार शाम अमन को बरेली बुलाया और उसके साथ होटल पर खाना खाया।
अमन के दोस्त सचिन व विक्रांत भी कपड़ों की खरीदारी करने बरेली आए थे, उनके परिवार में कोई शादी थी। तब उनके साथ घूमकर सभी ने खरीददारी की। रात करीब साढ़े नौ बजे अमन से कहा कि अब आप लोग घर जाओ, वह संजय नगर में अपने कमरे पर जा रहा है। सचिन और विक्रांत के साथ अमन बाइक से लालपुर मोड़ आया, जहां अमन की बाइक खड़ी थी। वहां से सचिन व विक्रांत अपनी बाइक से चले गए।
सिर में मारी थी गोली
विकास के मुताबिक अमन वहां से अकेला ही घर को निकला तो विकास ने फोन किया। कहा कि उसे किस्त जमा करने के लिए रुपये की जरूरत है, उसे भी घर चलना है। थोड़ा रुक जाओ। विकास अपने दोस्त बदायूं के मोहल्ला शहबाजपुर निवासी अभिषेक श्रीवास्तव के साथ बाइक से वहां आया और अमन की बाइक पर पीछे बैठकर गांव के लिए चल दिया। दोनों महेशपुरा इमामुद्दीन गांव के रास्ते पर पहुंचे तो पीछे बैठे विकास ने अमन के सिर में गोली मार दी। विकास वहां से अभिषेक के साथ संजय नगर में अपने कमरे पर आ गया।
अंतिम संस्कार तक साथ रहा हत्यारा, दुख जताता रहा
विकास पटेल एटीएम पर सुरक्षा गार्ड का काम करता है और किराये पर संजय नगर में रहता है। वहीं अभिषेक बरेली में रहकर एमआर का काम करता है। हत्या के बाद विकास ने अमन के परिवार से पूरी सहानुभूति जताई और अंतिम संस्कार में भी साथ रहा।