बहेड़ी। अस्थियां विसर्जित करने जा रहे बहेड़ी के दो लोगों की हरिद्वार के चिड़ियापुर इलाके में सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में घायल हुए छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस के शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव जाम सावंत निवासी कृष्ण गोपाल अपने बहनोई नुक्ता प्रसाद और बहनोई के साढ़ू के पुत्र अरविंद की अस्थियां लेकर ईको कार से हरिद्वार जा रहे थे। चिड़ियापुर गांव के पास उनकी ईको कार में एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें कृष्ण गोपाल की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। आंवला के अवादानपुर निवासी प्रेमपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में भोजीपुरा के मेमोर गांव के कुलदीप, सौरभ, नन्हे, धर्मदास व सिंधौली के पप्पू घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक कृष्णपाल के परिवार में माता सुशीला, पत्नी प्रीति, चार वर्षीय पुत्र ओम, पुत्रियों में आठ वर्षीय दिव्यांशी और छह वर्षीय प्रियांशी का रो-रोकर हाल बेहाल रहा। दोपहर में जब शव कृष्ण गोपाल के घर पहुंचा तो गांव में मातम पसर गया। उनका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कार की चपेट में आकर तीन घायल, खंभा टूटा
शेरगढ़। शेरगढ़ बसुधरन जागीर मार्ग पर कस्बा के नजदीक मनुनगर पंप के सामने अनियंत्रित कार की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। कार की गति इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ा खंभा टूटकर सड़क पर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपति को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस ने बाइक और कार को कब्जे में ले लिया है।
ग्राम फाजलपुर थाना नवाबगंज निवासी अय्यूब अपने माता-पिता के साथ बाइक से शेरगढ़ से दावत खाकर घर जा रहा था। इसी दौरान शेरगढ़ बसुधरन जागीर संपर्क मार्ग स्थित पंप पर तेल डलवाने के बाद सड़क पर पहुंचा। इसी बीच सामने से बसुधरन जागीर की ओर से ग्राम फिरोजपुर थाना शाही निवासी राहत अपनी कार से घर जा रहे थे। तभी उनकी कार अनियंत्रित हो गई जिससे बाइक कार की चपेट में आ गई। कार की चपेट में आने से बाइक चालक अय्यूब के पैर में चोट आई हैं। वहीं, बाइक पर सवार उसके पिता बुंदन शाह के पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मुन्नी के सिर में भी गंभीर चोट आई हैं। उनकी हालात चिंताजनक बताई जाती है। संवाद