पूर्वोत्तर रेलवे की लाइन से बरेली जंक्शन और सिटी स्टेशन जोड़ने का कार्य एक कदम और आगे बढ़ गया है। चौपुला के पास बने पुल संख्या 1032 के नीचे की दीवार तोड़ दी गई है, जिसका मलबा हटाया जा रहा है। दो दिन बाद ट्रैक लिंकिंग का कार्य शुरू हो जाएगा। नए साल में काठगोदाम वाया बरेली-कासगंज के बीच चलने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी।
बरेली-कासगंज के बीच आमान परिवर्तन का कार्य 2013 में पूरा कर लिया गया था। इससे पहले बरेली सिटी-लालकुआं के बीच आमान परिवर्तन किया गया था। 2014 में उत्तर रेलवे की लाइन से बरेली जंक्शन और सिटी स्टेशन को जोड़ा गया था। 29 अगस्त 2014 को काठगोदाम-कासगंज के बीच चनेहटी होकर ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया था। चूंकि उत्तर रेलवे की बरेली जंक्शन होकर करीब 180 गाड़ियां गुजरती हैं। यह रूट अति व्यस्त होने से कासगंज-लालकुआं के बीच केवल दो जोड़ी गाड़ियां ही चलाई जा सकीं। इस कारण ब्राडगेज का पूरा लाभ जनता को अभी तक नहीं मिल सका।
पूर्वोत्तर रेलवे ने रामगंगा से जंक्शन होकर सिटी स्टेशन तक अपना अलग ब्राडगेज ट्रैक बनाया है। यह रेल पटरी चौपुला चौराहे के पास उत्तर रेलवे के पुल संख्या 1032 के नीचे से गुजर रही है। इस कारण पुल के नीचे करीब 40 मीटर ट्रैक बनने से बचा रह गया है। पिछले महीने उत्तर रेलवे ने पुल संख्या 1032 के गार्डर बदले थे। पुल के नीचे बनी दीवार उत्तर रेलवे ने तोड़ दी है, जिसका मलबा हटाने का काम जारी है। दो दिन बाद मलबा हटने पर ट्रैक निर्माण का कार्य शुरू होगा, जो नवंबर के आखिर तक पूरा होने की उम्मीद है। पूरा ट्रैक तैयार होने पर सिटी स्टेशन से रामगंगा तक सीआरएस निरीक्षण कराया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक नए साल में काठगोदाम, लालकुआं, सिटी स्टेशन, जंक्शन और रामगंगा स्टेशन होकर एक्सप्रेस और पैसेंजर गाड़ियां दौड़ने लगेंगी। इससे यात्रियों को खासी सुविधा मिलेगी।
रेल मंत्री की घोषणा पर गंभीर नहीं रेलवे
बरेली। 28 नवंबर 2015 को रेल मंत्री सुरेश प्रभु यहां सिटी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का शिलान्यास करने आए थे। तब रेल मंत्री ने उत्तराखंड से दक्षिण भारत को जल्द ट्रेनें चलाने की घोषणा की थी। मगर रेलवे प्रशासन ने रेल मंत्री की बातों को गंभीरता से नहीं लिया। पुल संख्या 1035 के गार्डर बदलने में उत्तर रेलवे को छह महीने से ज्यादा लग गए। सिटी स्टेशन पर बुकिंग आफिस और यात्री वेटिंग रूम अभी तक नहीं बनाया जा सका है। जंक्शन पर भी प्लेटफार्म बनाने का काम जारी है।
उत्तर रेलवे ने पुल संख्या 1035 के नीचे की दीवार तोड़ दी है। अब पूर्वोत्तर रेलवे को काम पूरा करना है, जो नवंबर के आखिर तक पूरा कर लिया जाएगा।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर रेल मंडल