बरेली। नगर निगम कार्यालय से महज एक किमी दूर स्थित सूफी टोला वार्ड (वार्ड 78) विकास से कोसों दूर है। यहां ट्यूबवेल दूर होने के कारण पानी का प्रेशर नहीं आ रहा है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है, जिसे पीकर लोग बीमार हो रहे हैं। टूटी सड़क पर जलभराव हो गया है। सफाई न होने व सीवर की समस्या से लोग परेशान हैं। अमर उजाला की तरफ से रविवार को आयोजित वार्ड संवाद में स्थानीय लोगों ने ये समस्याएं बताईं।
आमिर खान ने बताया कि कासिम मियां की मजार के पास रोड बदहाल है। घरों में आने वाला पानी हाथ धुलने के योग्य भी नहीं है। इसे पीकर लोग बीमार हो रहे हैं। चिकित्सक के पास जाने पर वह साफ पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। वार्ड की पांच हजार आबादी में से दो हजार लोगों को लिवर की दिक्कत है। वे उल्टी, बुखार, दस्त से पीड़ित हैं।
मोहम्मद चांद ने बताया कि गंदा पानी पीने की वजह से वह लीवर की बीमारी से ग्रसित है। इलाज चल रहा है। पानी इतना गंदा है कि आरओ भी काम नहीं कर रहा है। मेहंदी वाली गली टूटी और गंदगी से भरी है। सैय्यद सलीम अली ने बताया कि सैय्यदों वाली गली में गंदगी रहती है। सफाई कर्मी नहीं आते। मैरुनिशां ने बताया कि सैलानी रोड बहुत खराब है। इससे लोगों को आवागमन में समस्या होती है। दो स्ट्रीट लाइटें भी खराब हैं।
नागरिकों ने गिनाईं समस्याएं
कसाई टोला मेहंदी वाली गली में सीवर व रोड की समस्या बनी हुई है। बारिश के दिनों में लोग निकल नहीं सकते हैं। बारादरी मस्जिद के पास सीवर चोक हो जाता है। नमाजियों को परेशानी होती है। - हिकमत खान
सैलानी में लोगों ने दुकान के आगे अतिक्रमण कर लिया है। 10 फुट की दुकान के आगे 10 फुट का अतिक्रमण है। सुख्खा वाली मस्जिद के पास गंदगी रहती है। बारिश में जलभराव होना आम बात है। - मुशर्रफ अली
मेहंदी वाली गली की सड़क बदहाल है। गली के मुहाने पर ही इतना कूड़ा पड़ा रहता है कि अंदर जाने का मन नहीं करता है। साथ ही, सीवर लाइन की भी समस्या बनी हुई है। - रफीक अहमद
पार्षद बोलीं - एक साल से काट रही हूं चक्कर
वार्ड में 25 लाख रुपये से ट्यूबवेल लगवाने का प्रस्ताव है। घेर जाफर खां गली रोड, बजरिया इनायतगंज, झंडा मोहल्ला व कसाई टोला की फाइल एक साल पहले तैयार की गई थी। उनकी मंजूरी के लिए मैं एक साल से चक्कर काट रहीं हूं। - जैनब परवीन, पार्षद