बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केंद्र और विश्व संवाद केंद्र ब्रज प्रांत की ओर से दो दिवसीय ब्रज फिल्म फेस्टिवल का शुक्रवार को आगाज हो गया। इस दौरान दिखाई गई फिल्मों को दर्शकों ने सराहा। इस मौके पर मुख्य अतिथि राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने कहा कि यह फिल्मोत्सव प्रतिभा प्रस्तुतिकरण के लिए अच्छा प्रयास है। इससे शैक्षिक, सामाजिक व सांस्कृतिक विषयों पर आधारित फिल्मों को एक अच्छा मंच प्रदान किया जा रहा है।
फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्य अतिथि, कार्यक्रम अध्यक्ष कुलपति प्रो. केपी सिंह, आरएसएस के क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख नरेश, सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र और सह प्रांत प्रमुख प्रचारक कीर्ति कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कहा कि विश्व संवाद केंद्र व सांस्कृतिक केंद्र के संयुक्त प्रयास से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और कौशल के प्रदर्शन का एक नया मंच प्राप्त होगा। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ज्योति पांडे ने किया। इस दौरान विभाग प्रचारक धर्मेंद्र, महानगर प्रचारक मयंक, महानगर प्रचार प्रमुख आलोक प्रकाश, डॉ. आस्था अग्रवाल, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, डॉ. छवि शर्मा, डॉ. इंद्रप्रीत कौर, डॉ. विमल कुमार, डॉ. एनएल शर्मा, शशि बाला राठी, विभाग प्रचारक प्रमुख, अशोक वैद्य आदि उपस्थित रहे।
पर्यावरण, नैतिक शिक्षा और स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित रहीं फिल्में
फेस्टिवल के द्वितीय सत्र में बरेली की फिल्म अगस्त्या, एहसास और ब्रज के क्रांति दूत दिखाई गई। शाहजहांपुर से आई फिल्म अधूरी कहानी, जमशेदपुर की फिल्म फर्क और आगरा की गुल्लक : द बिगिनिंग फिल्म दिखाई गई। ये फिल्में पर्यावरण, नैतिक शिक्षा, महिला सशक्तीकरण व स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित रहीं। शनिवार को कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। शाम 4 बजे तक लगभग 27 फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। इकसे बाद समापन व पुरस्कार वितरण किया जाएगा।