ब्राह्मण समाज के नेताओं का प्रतिबंध के बावजूद कलक्ट्रेट परिसर में घुसकर हंगामा, प्रदर्शन और सिटी मजिस्ट्रेट से नोकझोंक करना महंग पड़ गया। डीएम ने इस घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को एफआईआर के आदेश दिए। उसी आधार पर कलक्ट्रेट के नाजिर आर के सिन्हा ने मानवाधिकार संरक्षण के अध्यक्ष तथा ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी आर्येंद्र कुमार मिश्रा सहित 56 प्रदर्शन कारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
सोमवार को ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने देवरिया (सलेमपुर) के बसपा नेता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। यहां सिटी मजिस्ट्रेट के ज्ञापन लेने के दौैरान नोक झोंक हो गई थी। उसी दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वह धरने पर बैठ गए। बाद में एसीएम ने आकर ज्ञापन लिया। प्रदर्शन करने वालों में केशव, कमल, शिशिर, राजू सरवन, प्रमोद उपाध्याय, अरविंद गौतम, शोभित, विश्नु देव पाठक, योगेश शर्मा, पवन मिश्रा, गौरव शर्मा, महेश चंद्र शर्मा, भानु प्रताप उपाध्याय, गजेंद्र पांडेय आदि मौजूद थे। ज्ञापन में इन सभी के नाम थे इसलिए इन सभी के खिलाफ यह रिपोर्ट सरकारी काम में बाधा डालना, धक्का मुक्की तथा धारा 144 का उल्लंघन (धारा 332, 323, 147 तथा 188 ) में कोतवाली में दर्ज कराई गई है।