बरेली। दो चरणों की काउंसलिंग के बावजूद बीएलएड की सीटें नहीं भरने के चलते बृहस्पतिवार से तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की गई। पहले दिन 550 छात्र-छात्राओं को बुलाया गया था लेकिन उनमें से सिर्फ 156 ने एडमिशन लिया है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध 36 डिग्री कॉलेजों में बीएलएड का पाठ्यक्रम संचालित होता है, जिनमें 1900 सीटें हैं। इन सीटों पर एडमिशन के लिए विश्वविद्यालय दो बार काउंसलिंग कर चुका है। पहले चरण में 750 और दूसरे चरण में 445 छात्र-छात्राओं ने एडमिशन लिया। इसके बावजूद खाली बची 705 सीटों के लिए बृहस्पतिवार से तीसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। बृहस्पतिवार को पहले दिन 1-2900 रैंक तक के छूटे हुए 550 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 156 ने एडमिशन ले लिया है। अब शुक्रवार नौ अगस्त को 3451-4010 रैंक के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग प्रक्रिया होगी। यह काउंसलिंग रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के टेबल टेनिस हॉल में चल रही है।