फेसबुक प्रोफाइल पर पाकिस्तान का झंडा लगाकर आई सपोर्ट पाकिस्तान आर्मी लिखने वाले युवक के खिलाफ थाना नीमगांव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव अछनियां निवासी अजमल खां ने अपनी फेसबुक आईडी की प्रोफाइल में पाकिस्तान का झंडा लगाकर आई सपोर्ट पाकिस्तान आर्मी लिखा था। इससे लोग भड़क गए। लखीमपुर शहर के संकटा देवी निवासी बजरंग दल के सुरक्षा प्रमुख अमन मिश्रा ने बृहस्पतिवार को थाना नीमगांव पुलिस को आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि गांव अछनियां निवासी अजमल खान ने अपनी फेसबुक आईडी पर प्रोफाइल में पाकिस्तान का झंडा लगाकर आई सपोर्ट पाकिस्तान आर्मी लिखा है, जिससे भारत वर्ष में रहने वाले देश वासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रभारी निरीक्षक पान सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 153, आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।
हरदोई बाल सुधार गृह भेजा गया नाबालिग आरोपी
सोशल मीडिया पर पाकिस्तान सेना का समर्थन में टिप्पणी करने वाले और प्रोफाइल में आपत्तिजनक फोटो लगाने के आरोपी 12 वर्षीय किशोर को पुलिस ने जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे हरदोई बाल सुधार गृह भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक भीरा अनिल कुमार ने बताया कि शैक्षिक अभिलेखों के अनुसार आरोपी की उम्र 12 वर्ष कुछ महीने है। इस पर कोर्ट ने उसे बाल सुधार गृह हरदोई भेजा है।