'सपने आपने देखे हैं तो पूरे भी आपको ही करने होंगे'
अंतरिक्ष में जाने की बात हो या देश चलाने की, महिलाएं हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रहीं हैं। मैरीकॉम और लवलीना जैसी खिलाड़ियों ने मुक्केबाजी में देश को ओलंपिक में पदक भी दिलाए हैं। कामयाबी पाने के लिए जरूरी है कि पूरी ईमानदारी से प्रयास करें। जो सपने आपने देख रखे हैं, उसे आपको ही पूरा करना होगा। राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए शहर आईं भारतीय यूथ महिला बॉक्सिंग टीम की कोच अमनप्रीत कौर ने ये बातें कहीं।
उन्होंने बताया कि महिला खिलाड़ियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती समाज की सोच और तानों की होती है। हालांकि, अब इसमें बदलाव आ रहा है।महिलाओं को अब परिवार से सहयोग मिल रहा है। सरकार भी खेलों के प्रोत्साहन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अगर महिलाएं अपने जीवन के उद्देश्य को प्राथमिकता दें तो बाधाएं उनके कदम नहीं रोक सकतीं।