बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे वह कोचिंग से लौट रही थी। मक्कू बजरिया निवासी सागर वाजपेयी उसका पीछा करने लगा। सरेराह उसे रोक लिया और शादी करने के लिए कहने लगा। छात्रा के मना करते ही आरोपी ने उस्तरा उसके गले पर मार दिया। इसके बाद उसने दूसरा वार किया तो छात्रा ने हाथ से रोका तो वह और जख्मी हो गई।
छात्रा के अनुसार, उसने तीन वार किए। शोर-शराबा होने पर लोगों को आता देख युवक ने अपनी गर्दन पर उस्तरा रखकर जान देने की धमकी दी, फिर उसने हाथ की नस काट ली और भाग गया। सरेराह छात्रा पर हमले की सूचना पर सदर थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रा से पूछताछ की। एसपी सिटी संजय कुमार और सीओ सिटी पंकज पंत ने भी जानकारी ली। घायल पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
हाथ से रोका वार, नहीं तो मर जाती छात्रा
राजकीय मेडिकल कॉलेज में दर्द से कराह रही छात्रा ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। उसने बताया कि वह रोजाना की तरह घर आ रही थी। रास्ते में सागर ने उसे रोक लिया और शादी करने के लिए कहने लगा। इन्कार करने पर उस्तरे से वार कर दिया। गर्दन पर उस्तरा लगते ही खून देखकर आंखों के सामने अंधेरा छा गया। किसी तरह खुद को संभाला। आरोपी ने गुस्से में आकर पेट में उस्तरा मारा तो किसी तरह धक्का देकर बचाया, अन्यथा वह उसे मार ही डालता, जाते समय आरोपी ने धमकी दी कि वह जान से मार देगा।
आरोपी ने अपनी गर्दन पर रखा उस्तरा
आरोपी ने मक्कू बजरिया वाली गली से पुरानी रेल लाइन के पास ही घटना को अंजाम दिया। लोग उसे पकड़ने के लिए दौड़े तो आरोपी ने अपनी गर्दन पर उस्तरा रख लिया। खुद की जान देने की बात भी कही। उसके बाद आरोपी भाग गया था। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डीजे की दुकान चलाता है आरोपी
आरोपी सागर वाजपेयी की छात्रा के मोहल्ले में ही डीजे की दुकान है। वह काफी समय से उसे आते-जाते परेशान कर रहा था। पूर्व परिचित होने के कारण उसने कुछ समय पहले भी शादी करने का मैसेज किया था, उस वक्त भी छात्रा ने इनकार कर दिया था। तब से आरोपी उससे खुन्नस खाए था। बताते हैं कि सागर के परिवार को कोई सदस्य सत्तारूढ़ दल जुड़ा हुआ है।