जगतपुर चौकी के पीछे बनी बेकरी के धुआं से परेशान पड़ोसी कर रहे थे बंद कराने की मांग
बरेली। जगतपुर में एक बेकरी खोलने की शिकायत पर पांच दिन से चल रही तनातनी में रविवार को बम बनाने की फर्जी सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर दी। पुलिस ने बेकरी मालिक और शिकायतकर्ता समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। उन पर शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।
जगतपुर चौकी के पीछे गली में सप्ताह भर पहले बस्ती के बीच बेकरी खोली गई थी। इससे निकलने वाला धुआं लोगों को परेशान कर रहा था। स्थानीय लोग करीब पांच दिन से जगतपुर चौकी पर इसकी शिकायत कर रहे थे। चौकी इंचार्ज ने नहीं सुना तो लोगों ने बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा से बेकरी बंद कराकर मालिक पर कार्रवाई करने की मांग की थी। इंस्पेक्टर ने जांच कराई तो सामने आया कि बेकरी खाद्य विभाग से लाइसेंस लेकर खोली गई है। इस पर उन्होंने लोगों से खाद्य विभाग मेें शिकायत करने को कहा और बताया कि अधिकारियों के आदेश पर ही पुलिस कार्रवाई करेगी।
इसी तनातनी के बीच रविवार सुबह बेकरी के पास रहने वाले एक युवक ने यूपी 112 पर सूचना दी कि बेकरी में बम बनाने को कांच कूटा जा रहा है। यूपी 112 की टीम मौके पर पहुंची तो शिकायत झूठी निकली। उन्होंने इसकी सूचना बारादरी पुलिस को दे दी। इस पर पुलिस ने बेकरी मालिक समेत दूसरे पक्ष के पांच लोग हिरासत में लिए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि इनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।