फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: बरेली में पासपोर्ट दफ्तर को उड़ाने की धमकी, मेल में लिखा- नमाज के बाद दो बजे फटेगा बम; फैली दहशत

Fri, 27 Mar 2026 02:13 PM IST
Akash Dubey अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

यूपी के बरेली जिले के प्रियदर्शनी नगर स्थित पासपोर्ट ऑफिस में शुक्रवार सुबह 11:15 बजे धमकी भरा मेल आने के बाद अधिकारी सन्न रह गए। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की टीम पहुंची और सघन जांच शुरू कर दी गई। जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। 
विज्ञापन
पासपोर्ट दफ्तर में जांच करती टीम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के प्रियदर्शनी नगर और पीलीभीत बाइपास स्थित पासपोर्ट दफ्तर में शुक्रवार सुबह आए ई-मेल ने सनसनी फैला दी। ई-मेल में दावा किया गया कि दो बजे दस जहरीले बम फटेंगे। इसके बाद पुलिस, एटीएस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने तीन घंटे दफ्तर को सील करके तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। अब साइबर सेल संबंधित ई-मेल के आईपी एड्रेस की जांच कर रही है।

विज्ञापन


शहर स्थित दोनों दफ्तरों के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सुबह 11:15 बजे धमकी भरा मेल आने के बाद अधिकारियों ने संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी। प्रियदर्शिनी नगर में प्रेमनगर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह व पीलीभीत बाइपास पर बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के नेतृत्व में पुलिस पहुंची। फिर सीओ प्रथम आशुतोष शिवम, एटीएस, एसटीएफ की टीमें पहुंचीं। करीब 12 बजे तक दोनों दफ्तरों को सील कर आवेदकों व स्टाफ को बाहर निकाल दिया गया। 

डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने जांच शुरू की। आसपास के सब्जी वालों और दुकानदारों को भी वहां से हटने के लिए कहा गया। पासपोर्ट बनवाने पहुंचे आवेदकों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग बिना काम कराए ही निकल आए। अपराह्न दो बजे तक दोनों जगह यह सुनिश्चित कर लिया गया कि बम जैसा कुछ नहीं है। करीब तीन बजे सुरक्षा घेरा हटा लिया गया। इसके बाद भी वहां का माहौल सामान्य नहीं हो सका।

विज्ञापन

दक्षिण भारत की छात्र राजनीति से प्रेरित है ई-मेल
जिस ई-मेल की वजह से इतना हल्ला मचा, उसका किसी स्थानीय व्यक्ति या एजेंडे से मतलब नहीं है। इसमें लिखा है कि बंगलूरू मेडिकल कॉलेज में डॉ. अब्दुल मोहम्मद भाई का अपमान, एमके स्टालिन/डीएमके समर्थकों का अपमान है। इसलिए दोपहर दो बजे इस्लामिक प्रार्थना (नमाज) के बाद आपके पासपोर्ट/डाकघर में धमाका करने के लिए 10 जहरीले बम। मेल आईडी शाबाज के नाम है, जबकि मेल एड्रेस में एक जगह चेन्नई का भी जिक्र है। 

मेल में जिस विवाद का जिक्र है, उससे साफ है कि बरेली से इसका कोई मतलब नहीं है और यह किसी ने धोखे से बरेली भेज दिया। हालांकि, मेल की भाषा अंग्रेजी या तमिल की बजाय हिंदी होने से इसमें स्थानीय खुराफातियों का हाथ होने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। इसे लेकर ही एटीएस, खुफिया अमले की टीम व साइबर सेल जांच कर रही हैं।
 
विज्ञापन

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दक्षिण भारत की छात्र राजनीति से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल मिला था। वहां सघन तलाशी ली गई, लेकिन ऐसा कुछ नहीं मिला। साइबर सेल इस मेल का आईपी एड्रेस निकालने में जुटी है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यालय की अधिकृत आईडी पर धमकी भरा मेल आया था। हमने संबंधित विभागों को सूचना दी। पुलिस अधिकारी टीम के साथ मौके पर आए और तलाशी कराई गई। फिलहाल कुछ नहीं मिला। आगे की कार्रवाई पुलिस विभाग के स्तर से ही होगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें